बिहार के बेगूसराय में बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बसौना घाट पर रविवार को पांच स्कूली छात्र नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
जानकारी के मुताबिक, अपने साथियों को नदी में डूबता देखकर बाकी दो छात्र घबरा गए और वहां से चले गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर घाट पर पड़े कपड़ों और साइकिलों पर पड़ी। इससे छात्रों के नदी में डूबने की आशंका हुई और इलाके में इसकी सूचना फैल गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी लापता छात्रों के परिजनों को दी। परिजन घाट पर पहुंचे और वहां मिले सामान के आधार पर अपने बच्चों की पहचान की। इसके बाद नदी में डूबे तीनों छात्रों की तलाश शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद SDRF की टीम को भी तलाशी अभियान में लगाया गया। नदी में डूबे छात्रों का पता लगाने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग भी नदी में बढ़ते खतरे को देखते हुए बच्चों और युवाओं को गहरे पानी में जाने से बचने की अपील कर रहे हैं।
फिलहाल SDRF की टीम नदी में तीनों छात्रों की तलाश कर रही है और प्रशासन की निगाह रेस्क्यू ऑपरेशन पर बनी हुई है।