बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा फैसला लिया गया है। राज्य मंत्रिमंडल ने दो नए विश्वविद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इनमें बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय और पटना में माता सीता महिला विश्वविद्यालय शामिल हैं। दोनों विश्वविद्यालयों की स्थापना बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 के तहत की जाएगी।
पटना में बनेगा माता सीता महिला विश्वविद्यालय
पटना में प्रस्तावित माता सीता महिला विश्वविद्यालय बिहार का पहला महिला विश्वविद्यालय बताया जा रहा है। कैबिनेट ने विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़े शुरुआती प्रशासनिक खर्चों के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह राशि अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन समेत स्थापना संबंधी जरूरतों पर खर्च की जाएगी।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार पटना जिले के अंगीभूत और संबद्ध महिला महाविद्यालय इस विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में आएंगे। हालांकि, पटना विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले महिला कॉलेज इसके दायरे से बाहर रहेंगे।
बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय
दूसरी ओर, बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर रखा गया है। इसके लिए भी प्रारंभिक स्थापना और प्रशासनिक जरूरतों के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
प्रस्तावित दिनकर विश्वविद्यालय का क्षेत्राधिकार बेगूसराय और खगड़िया जिलों के संबंधित अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों तक होगा। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेज इसके क्षेत्राधिकार में शामिल नहीं होंगे।
दोनों विश्वविद्यालयों की स्थापना से बिहार में उच्च शिक्षा के संस्थागत विस्तार की दिशा में नया कदम जुड़ा है। आगे विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक ढांचे, अधिकारियों की नियुक्ति, परिसर और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।