अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि हालात बिगड़ते हैं और आवश्यकता पड़ती है तो अमेरिका ईरान पर फिर से हमला कर सकता है, लेकिन उनकी प्राथमिकता युद्ध नहीं बल्कि कूटनीतिक समाधान है। ट्रम्प ने कहा कि "मैं लोगों को मारना नहीं चाहता।"

ट्रम्प के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच आज से एक बार फिर बातचीत शुरू होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच जारी तनाव को वार्ता के जरिए कम किया जा सकेगा और किसी समझौते की दिशा में प्रगति होगी।

हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा था, लेकिन ट्रम्प ने संकेत दिया कि फिलहाल कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वार्ता सफल रहती है तो क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।

हालांकि, ट्रम्प ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि अमेरिका या उसके सहयोगियों की सुरक्षा को खतरा हुआ, तो सैन्य विकल्प अब भी खुले हैं। ऐसे में दुनिया की नजरें अमेरिका-ईरान वार्ता के अगले दौर और उसके संभावित परिणामों पर टिकी हुई हैं।