नेपाल के डोल्पा जिले स्थित जुफाल एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। नेपालगंज से डोल्पा जा रहे सीता एयर के डोर्नियर विमान 9N-AJH का लैंडिंग के दौरान पिछला दाहिना पहिया अलग हो गया। घटना सुबह करीब 8:25 बजे हुई। विमान रनवे पर ही रुक गया और सभी यात्री एवं क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।
विमान में 16 लोग थे सवार
विमान में 13 यात्री और 3 क्रू सदस्य सवार थे। यात्रियों में 7 विदेशी और 6 नेपाली नागरिक शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में किसी को चोट नहीं लगी और विमान को भी कोई बड़ा संरचनात्मक नुकसान नहीं हुआ।
लैंडिंग के वक्त निकला पिछला पहिया
जिला पुलिस कार्यालय, डोल्पा के अनुसार, विमान जुफाल एयरपोर्ट पर उतर रहा था तभी उसका पिछला दाहिना पहिया अलग हो गया। पहिया निकलने के बाद विमान रनवे पर रुक गया। पायलट ने इंजन बंद कर दिया, जिससे स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सका।
रनवे पर फंसा विमान, उड़ानें प्रभावित
घटना के बाद विमान रनवे पर ही खड़ा रहा, जिसके कारण जुफाल एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ। एक नेपाली सेना के विमान को भी एयरपोर्ट पर उतरने के बजाय वापस लौटना पड़ा।
अधिकारियों ने विमान की तकनीकी जांच और उसे रनवे से हटाने के लिए विशेषज्ञों को भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की टीम भी विमान की स्थिति का निरीक्षण करेगी।
तकनीकी जांच के बाद तय होगा अगला कदम
सीता एयर के मुताबिक, तकनीकी टीम को स्पेयर पार्ट्स के साथ हेलीकॉप्टर से डोल्पा भेजने की तैयारी है। निरीक्षण के बाद यह तय किया जाएगा कि विमान की मरम्मत जुफाल में ही की जा सकती है या उसे नेपालगंज/काठमांडू ले जाना होगा।
फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे का सटीक तकनीकी कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।