इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले के कबल कस्बे में पुलिस थाने के बाहर रविवार को बड़ा आत्मघाती धमाका हुआ। इस हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
पुलिस थाने में घुसने की कोशिश कर रहा था हमलावर
स्वात के जिला पुलिस अधिकारी उमर खान के मुताबिक, संदिग्ध आत्मघाती हमलावर कबल पुलिस स्टेशन में घुसने की कोशिश कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे मुख्य गेट पर रोककर तलाशी लेने की कोशिश की। इसके बाद हमलावर ने वहीं विस्फोट कर दिया।
धमाके के बाद इलाके को घेर लिया गया और सुरक्षा बलों ने जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक सिर भी बरामद हुआ, जिसके आत्मघाती हमलावर का होने की आशंका जताई गई है।
शांति प्रदर्शन के दौरान हुआ धमाका
धमाके के वक्त पुलिस स्टेशन के पास स्वात पीस रैली आयोजित की जा रही थी। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन इलाके में बढ़ती आतंकी हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और शांति की मांग कर रहे थे।
धमाके के बाद बड़ी संख्या में एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई थी।
पुलिसकर्मी भी बने निशाना
हमले में पुलिसकर्मियों की भी मौत हुई है। अलग-अलग पाकिस्तानी रिपोर्टों में मृत पुलिसकर्मियों की संख्या पांच से छह के बीच बताई गई है।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने हमले की निंदा करते हुए कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। स्वात प्रशासन ने हमले के बाद पूरे जिले में आपात स्थिति घोषित कर अस्पतालों और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा।
बढ़ती आतंकी हिंसा के बीच बड़ा हमला
स्वात और खैबर पख्तूनख्वा के दूसरे इलाकों में पिछले कुछ समय से आतंकी गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी वजह से स्थानीय लोगों ने पुलिस स्टेशन के पास शांति रैली आयोजित की थी, लेकिन इसी दौरान हमला हो गया।
फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी आधिकारिक तौर पर नहीं ली है। पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां हमलावर की पहचान, उसके नेटवर्क और हमले के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए जांच कर रही हैं।