पटना: बिहार में भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को उग्र हो गया। बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान से लोकभवन/मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग पार कर ली।
छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग
प्रदर्शनकारी छात्र TRE-4 में एकल परीक्षा, निगेटिव मार्किंग हटाने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता समेत कई मांगों को लेकर सड़क पर उतरे थे। इसके अलावा 70वीं BPSC परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर भी छात्र सवाल उठा रहे हैं।
जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला की ओर बढ़ने लगे।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज, वाटर कैनन का इस्तेमाल
स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। कई छात्रों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
डाकबंगला चौराहे पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, क्योंकि छात्रों के आगे बढ़ने की स्थिति में वहां टकराव की आशंका थी।
क्या हैं छात्रों की प्रमुख मांगें?
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में TRE-4 में सिंगल-टियर परीक्षा, निगेटिव मार्किंग हटाना और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता शामिल है। छात्र 70वीं BPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में देरी को लेकर भी नाराज हैं।
प्रशासन और छात्रों के बीच टकराव
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश की। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की कई मांगों पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है और उन्हें आगे बढ़ने से रोका जा रहा था।
फिलहाल पटना में प्रदर्शन के चलते कई प्रमुख इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए हैं।